शराब के बेहतरीन फायदे
शराब को 'पावर पैक' के नाम से जाना जाता है। इसे पीते ही शरीर में एक सनसनी पैदा हो जाती है। पीनेवाला व्यक्ति अपनी वास्तविक शक्ति से अधिक फुर्ती और तेजी से काम करने लग जाता है। किसी काम को जल्दी करना या करवाना हो और काम करने वाले से अधिक काम लेना हो तो उसे शराब पिला दो ,काम हो जायेगा। यह ठीक उसी प्रकार है जैसे एक घोड़े को चाबुक मारकर उसकी ताकत से अधिक दौड़ाना।
यह शराब से होने वाला फायदा नंबर वन है।लेकिन इसका परिणाम यह होता है कि जब नशा उतर जाता है तो व्यक्ति पहले से अधिक थकावट और कमजोरी महसूस करता है।
वास्तव में शराब से व्यक्ति की शक्ति बढ़ती नहीं है। केवल शरीर की जमा शक्ति में एक उबाल सा पैदा होता है , वह जल्दी खर्च या बर्बाद हो जाती है और तब व्यक्ति खोखला होकर पहले से भी अधिक पस्त और कमजोर हो जाता है।
शराब से दूसरा फायदा है-फंसे हुए काम को निकलवाना। शराब की पार्टी के सहारे बहुत से लोग अपना फँसा हुआ काम आसानी से निकलवा लेते है। चार यार मिलकर एक बोतल उठाते है और फिर चियर्स कर जाते है। शुरुआत में इसका पैसा वो चुकाता है जिसका काम होता है। पर बाद में जब यह आदत बन जाती है तो इसका खर्चा खुद उठाना पड़ता है। इस फायदे में हमें अपनी जमा पूंजी को आसानी से बर्बाद करने का अवसर मिलता है।
शराब से होने वाला तीसरा फायदा है-शराब को जीवन की जरुरत बना लेना। जिस प्रकार खाना खाते है, पानी पीते है , दवाई लेते है उसी प्रकार से शराब पीना भी एक जरुरत बन जाती है। अनाज, सब्जी, दूध,दही से भी महँगे होने की वजह से परिवार की आर्थिक स्थिति गड़बड़ा जाती है।
हरे कृष्ण © राहुल देवाशीष
प्रेरित-तम्बाकू एक दुर्व्यसन, वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य
